Clicksor

Time Pass

Wednesday, August 14, 2013

आलू की कचौड़ी – Aloo Kachori

आलू की कचौड़ी खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगती है। इन्हें आप किसी भी छुट्टी वाले दिन सुबह नाश्ते में बना कर खा सकते हैं या फिर यदि आप किसी पिकनिक आदि पर जा रहे हैं, तो भी इन्हें बनाकर ले जा सकते हैं। इन्हें बनाना बेहद आसान है और इन्हें बनाने में समय भी ज्यादा नहीं लगता। तो आइये बनाएं आलू की कचौड़ी।
  • चार लोगों के लिये
  • समय - 50 मिनट

आवश्यक सामग्री:

कचौड़ी के आटे के लिये-

  • मैदा या आटा - 300 ग्राम (तीन छोटी कटोरी)
  • सूजी (रवा) - 100 ग्राम (एक छोटी कटोरी)
  • नमक - स्वादानुसार (आधी छोटी चम्मच)
  • खाने का सोडा़ - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • तेल - 2 टेबल स्पून

कचौड़ी की पिठ्ठी के लिये-

  • आलू - 300 ग्राम (5-6)
  • तेल - एक टेबल स्पून
  • जीरा - आधी छोटी चम्मच
  • धनिया पाउडर - 1.1/2 छोटी चम्मच
  • हरी मिर्च - 2 (बारीक कतरी हुई)
  • अदरक - 1.1/2 इंच लंबा टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
  • अमचूर पाउडर - आधी छोटी चम्मच
  • गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच
  • नमक - आधी छोटी चम्मच
  • तेल - कचौड़ी तलने के लिये

विधि:

सबसे पहले एक तरफ कूकर में आलू उबलने रख दीजिये और दूसरी तरफ एक बर्तन में मैदा व सूजी छान कर उसमें नमक, बेकिंग पाउडर और तेल डाल कर अच्छी तरह मिला लीजिये। अब गुनगुने पानी से नरम आटा गूथिये (जैसा चपाती बनाने के लिये गूथते हैं) और उसे आधे घंटे के लिये ढककर रख दीजिये।
अब तक कूकर में आलू उबल गए होंगे तो इन्हें कूकर से निकाल कर छीलिये और बारीक तोड़ लीजिये। एक छोटी कढ़ाई में तेल गर्म कीजिये और उसमें जीरा डालकर भून लीजिये। उसके बाद उसमें धनिया पाउडर, हरी मिर्च, अदरक, नमक और आलू डाल कर 2-3 मिनट तक भून लीजिये।
अब गुथे हुए आटे से 1 नीबू के बराबर आटा तोड़ कर उसकी लोई बनाइये और फिर उंगलियों से उसे बढ़ाते हुए उसमें थोड़ी सी गहराई बना कर एक या डेड़ छोटी चम्मच आलू का मिश्रण उसमें भर दीजिये। अब आटे को चारों तरफ से उठाकर आलू की पिठ्ठी को अंदर बंद कर दीजिये और दोनों हथेलियों से दबाकर चपटा करके प्लेट में रख दीजिये। सारी कचौडियाँ इसी तरह बना लीजिये।
अब एक कढाई में तेल गर्म कीजिये और एक कचौड़ी लेकर उसे करीब 2.1/2 इंच के व्यास में हल्के हाथ से बेल कर गर्म तेल में डाल दीजिये। दोनों तरफ से ब्राउन होने तक मीडीयम गैस पर तलिये और फिर पेपर नैपकिन लगी प्लेट में निकाल लीजिये। सारी कचौड़ियों को इसी तरह से तल कर प्लेट में निकालते जाइये।
आलू की कचौड़ियाँ तैयार हैं। अब इन्हें एक अलग प्लेट में निकाल कर गरमा-गरम आलू की सब्जी, हरे धनिये की चटनी या मीठी चटनी के साथ परोस कर खाइये और सबको खिलाइये।

Watch Live Recipes Prepration

Click Here